नोएडा में नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक गाड़ी से 536 किलो का अवैध गांजा पुलिस ने बरामद किया है। इस गांजे की कीमत 1 करोड़ 20 लाख रुपये बताई जा रही है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया। ग्रेटर नोएडा जोन के डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि बीती रात को नॉलेज थाना पुलिस गश्त पर थी। रात करीब 2:15 बजे सेक्टर-150 कट के पास नॉलेज पार्क थाना पुलिस चैकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक हरियाणा नंबर का एक संदिग्ध वाहन पुलिस को आते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने जब वाहन को रोककर जांच की तो उसमें भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ट्रक चालक रतन सिंह पुत्र राजीव सिंह निवासी हसनपुर जिला हापुड़ और उसके साथी सदाशिव मिश्रा पुत्र कृष्ण चंद मिश्रा निवासी उड़ीसा को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ने ट्रक में 539.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
डीसीपी ने बताया कि गैंग के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह लोग नोएडा और ग्रेटर नोएडा में गांजा बेचने आए थे। इस पूरे गैंग का मास्टरमाइंड रतन सिंह निवासी हापुड़ है। इसकी गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम काफी समय से प्रयास कर रही थी। पुलिस की जांच में पता चला है कि रतन सिंह का नेटवर्क लुधियाना और महाराष्ट्र में भी है। पिछले दिनों ग्रेटर नोएडा की बीटा-2 थाना पुलिस ने करीब 500 किलो गांजा बरामद किया था। उस गैंग को भी रतन सिंह चलाता है।
पुलिस ने इन लोगों के कब्जे से 539 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया। इस गांजे की कीमत 1 करोड़ 20 लाख रुपये बताई जा रही है। यह गांजा छोटे छोटे पैकेट में बेचा जाना था। दिल्ली एनसीआर के अलावा लुधियाना और महाराष्ट्र में भी इस गांजे की सप्लाई की जाती थी।