भारी बारिश के चलते यमुना नदी का जलस्तर 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए 207.55 मीटर पर पहुंच गया है। दिल्ली में आखिरी बार यमुना का जलस्तर 1978 में रिकॉर्ड स्तर 207.49 मीटर तक पहुंचा था। इसके बाद अब 2023 में इसका रिकॉर्ड टूटा है। प्रीत विहार के एसडीएम व बाढ़ के नोडल अफसर राजेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। खादर क्षेत्र से लोगों को निकाल लिया गया है।दिल्ली के जिन इलाकों में यमुना का जलस्तर बढ़ गया है, वहां एहतियात के तौर पर धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके साथ ही अब प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। वहीं, अरविंद केजरीवाल ने आपात बैठक बुलाई है। इस बैठक में दिल्ली सरकार के मंत्री सहित विभिन्न सरकारी एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में बाढ़ से उत्पन्न स्थितियों पर समीक्षा के साथ राहत कार्य की प्रभावी रणनीति पर चर्चा की संभावना है।
इस बीच यमुना के जल स्तर में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में बाढ़ की चेतावनी भी जारी कर दी गई है। भारत मौसम विभाग के मुताबिक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर यमुना के बाढ़ग्रस्त इलाकों में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी है।