आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में जीत पर दी प्रतिक्रिया

by Priya Pandey
0 comment

आम आदमी पार्टी पंजाब में स्पष्ट बहुमत से गद्गद् है। आप संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में सीएम चेहरे भगवंत मान के साथ एक फोटो शेयर कर अपनी खुशी जताई। केजरीवाल ने लिखा कि इस इंकलाब के लिए पंजाब के लोगों को बहुत-बहुत बधाई। पंजाब में आम आदमी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पार्टी दफ्तर में संबोधन देते हुए कहा कि पंजाब में इंकलाब आया है, आज बड़ी-बड़ी कुर्सियां हिल गई हैं। जितने भी बड़े नाम थे, सब हार गए हैं। हमने ईमानदार राजनीति की शुरुआत की और पूरे सिस्टम को बदल दिया। अरविंद केजरीवाल बोले कि हमने बच्चों को शिक्षा देने का काम किया है।

उन्होंने आगे  कहा कि सभी पार्टियों ने हमारे खिलाफ साजिशें रचीं, जब ये सफल नहीं हुए तो इन्होंने केजरीवाल को आतंकवादी कह दिया था। आज देश की जनता ने बोल दिया कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं, देश का सच्चा सपूत है। हम एक ऐसा भारत बनाएंगे, जहां पर सभी के बच्चों को शिक्षा मिलेगी। आज हमारे बच्चों को मेडिकल की शिक्षा लेने के लिए यूक्रेन में जाना पड़ता है, लेकिन हम ऐसा भारत बनाएंगे जहां बच्चों को यहां पर ही शिक्षा मिले।

अरविंद केजरीवाल ने चन्नी पर निशाना साधते हुए बोले कि दिल्ली-पंजाब का इंकलाब पूरे देश में फैलेगा। सारे महिलाएं, युवा और किसान आम आदमी पार्टी ज्वाइन करें। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी को मोबाइल रिपेयर की दुकान पर काम करने वाले शख्स ने हराया है। लोगों ने विश्वास जताया है, हमें इतना बहुमत मिला है जिससे डर भी लगता है। लेकिन अगर कोई आपको गाली दे, तो हमें उसे स्वीकार करना और सेवा की राजनीति करनी है।

आपको बता दें की पंजाब में आम आदमी पार्टी को बढ़त मिलने के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल है। सभी 117 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं। अब तक के रुझानों में आम आदमी पार्टी 91 सीटों पर आगे है।

About Post Author