सलमान को लॉरेंस के नाम से धमकी देने वाला आरोपी कर्नाटक से गिरफ्तार, 5 करोड़ की फिरौती की धमकी

by Priya Pandey
0 comment

सलमान खान को हाल ही में एक और धमकी मिली है। मुंबई कंट्रोल रूम में आए मैसेज में कहा गया कि अगर सलमान खान काले हिरण का शिकार करने पर बिश्नोई समाज की मंदिर जाकर माफी नहीं मांगते या 5 करोड़ रुपए नहीं चुकाते तो उनकी जान जा सकती है। हालांकि, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। खबर के मुताबिक, धमकी देने वाला व्यक्ति कर्नाटक का रहने वाला है, और उसका नाम विक्रम है। वह लगभग 35 साल का बताया जा रहा है।मुंबई पुलिस ने कर्नाटक पुलिस के सहयोग से विक्रम को गिरफ्तार किया है। वह मुंबई पुलिस की निशानदेही पर कर्नाटक से पकड़ा गया है और अब उसे मुंबई लाया जा रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि विक्रम ने सलमान को धमकी क्यों दी और क्या उसका किसी गैंग से कोई संबंध है।

सलमान खान को धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का भाई बताया। उसने धमकी के साथ 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की। धमकी देने वाले ने कहा कि अगर सलमान खान अपनी जान बचाना चाहते हैं, तो उन्हें ‘हमारे मंदिर’ में जाकर माफी मांगनी चाहिए या फिर 5 करोड़ रुपये देने चाहिए। अगर सलमान ने यह नहीं किया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके अलावा, धमकी देने वाले ने दावा किया कि उनकी गैंग अभी भी सक्रिय है और वह सलमान को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह धमकी ट्रैफिक कंट्रोल रूम को भेजी गई थी, जिसमें बिश्नोई गैंग का नाम लिया गया था। अक्टूबर महीने में भी सलमान को इसी तरह की धमकी मिली थी। उस बार पुलिस ने जमशेदपुर से 24 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया था, जो सब्जी बेचने का काम करता था।

 

About Post Author