किसान संघ नेता राकेश टिकैत ने शुक्रवार को पांच राज्यों में 2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजों का स्वागत करते हुए कहा कि जनता का फैसला सर्वोपरि है। उन्होंने ट्वीट कर सभी को बधाई दी है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर की नई सरकारें किसानों और मजदूरों के उत्थान के लिए काम करेंगी। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता की यह प्रतिक्रिया बृहस्पतिवार को उस समय आई, जब भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों, जबकि आम आदमी पार्टी के पंजाब में बहुमत हासिल करने की पुष्टि हो गई।

राकेश टिकैत/twitter
चुनाव का रिजल्ट आने तक भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी शांत थे। रिजल्ट के अगले दिन उन्होंने अपने इंटरनेट मीडिया एकाउंट ट्विटर से एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि लोकतंत्र के महापर्व में जनता का फैसला सर्वोपरि होता हैं। किसान आंदोलन ने अपना असर दिखा दिया। हम आशा करते हैं कि जो भी सरकारें बनी हैं, वे सभी अपने-अपने राज्यों में किसानों-मजदूरों के उत्थान के लिए कार्य करेंगी। सभी को जीत की बधाई।
आपको बता दें की राकेश टिकैत के नेतृत्व में दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सीमाओं पर साल भर तक कृषि कानून के विरोध में आंदोलन हुआ था। उस दौरान वो बीजेपी के खिलाफ मुखर रहे थे। राकेश टिकैत ने साल 2017 के विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी का समर्थन भी किया था। इस बार हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने सत्ता विरोधी लहर का भी सामना किया।
खासकर उत्तर प्रदेश में उसके बावजूद भी बीजेपी ने लखीमपुर खीरी के सभी आठ सीटों पर जीत हासिल की है। आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा पर किसानों पर गाड़ी चढ़ाने का आरोप लगा था। इस घटना में चार किसान और एक पत्रकार की मौत हो गई थी।