अभिनेत्री अथिया शेट्टी और क्रिकेटर केएल राहुल हमेशा-हमेशा के लिए एक दूजे के हो गए। सुनील शेट्टी के खंडाला स्थित बंगले में शादी संपन्न हुई। शादी में फिल्मी जगत और क्रिकेट की दुनिया के चुनिंदा सितारों को बुलाया गया। अथिया शेट्टी और केएल राहुल की शादी की पहली तस्वीर सामने आ चुकी है। इसी के साथ फैंस का उनकी शादी की पहली तस्वीर देखने का इंतजार भी खत्म हुआ। अथिया शेट्टी अपनी शादी में किसी फिल्म की हीरोइन से कम नहीं लग रहीं। वहीं, के एल राहुल भी दूल्हे की शेरवानी में काफी हैंडसम नजर आए। के एल राहुल दोपहर करीब 2:30 बजे बारात लेकर आए और करीब चार बजे अथिया के साथ फेरे लिए। शादी के बाद सुनील शेट्टी बेटे अहान के साथ बाहर आए। उन्होंने ट्रेडिशनल साउथ कुर्ता ड्रेस और लुंगी पहनी थी। वहीं, अहान व्हाइट कलर की शेरवानी में नजर आए।
शादी संपन्न होने के बाद सुनील और अहान शेट्टी ने मीडियाकर्मियों को मिठाई बांटी। सिर्फ इतना ही नहीं, बल्कि सुनील शेट्टी ने हाथ जोड़कर दुल्हन के पिता होने की सारी जिम्मेदारी निभाई, जिसकी फोटोज ने फैंस का दिल जीत लिया।