पंजाब में आम आदमी पार्टी ने झाड़ू चला दी है। पार्टी को 117 में से 92 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस और शिअद-बसपा गठबंधन को पछाड़ते हुए 117 में से 92 सीटें जीतकर और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी प्रकाश सिंह बादल और अमरिंदर सिंह सहित कई दिग्गजों को हराया। आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने आज राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की है और राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया है।
मान मोहाली में शुक्रवार को आप विधायकों की बैठक में पार्टी के विधायक दल के नेता चुने गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, भगवंत मान 16 मार्च को नवांशहर जिले में महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, ‘मैंने राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपा है और पंजाब में सरकार बनाने का दावा पेश किया है। राज्यपाल ने हमसे शपथ समारोह का स्थान और समय पूछा तो मैंने बताया शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में 16 मार्च को 12:30 बजे शपथ समारोह होगा।’ उन्होंने कहा कि शपथ समारोह में पूरे पंजाब से लोग आएंगे, लोग इस दौरान शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि भी देंगे।
#Punjab CM-designate Bhagwant Mann meets Governor Banwarilal Purohit at Raj Bhavan in Chandigarh, stakes claim to form the government in the state. pic.twitter.com/LEId4Bjicp
— ANI (@ANI) March 12, 2022
शपथ ग्रहण के लिए अरविंंद केजरीवाल को भेजा गया है आमंत्रण
भगवंत मान ने आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपने शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया है। आप की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक रविवार को मान और केजरीवाल दोनों स्वर्ण मंदिर, दुर्गियाणा मंदिर और श्री राम तीरथ मंदिर में दर्शन करेंगे। वे आप की जीत का जश्न मनाने और मतदाताओं को धन्यवाद देने के लिए अमृतसर में एक रोड शो में भी हिस्सा लेंगे।