भगवंत मान मुख्यमंत्री बनने से पहले सांसद के पद से आज अपना इस्तीफा सौंप देंगे। उन्होंने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा है कि वह आज संगरूर से सांसद पद से इस्तीफा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संगरूर के लोगों ने मुझे प्यार दिया और इसके लिए मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं। मान ने कहा कि मैं संगरूर के मतदाताओं को विश्वास दिलाता हूं कि कुछ दिनों में उनकी आवाज फिर से संसद में सुनी जाएगी। मान अपना इस्तीफा आज लोकसभा स्पीकर को सौंपेंगे।
लोकसभा में भगवंत मान AAP के इकलौते सांसद हैं। इसके अलावा ने पार्टी मंत्रिमंडल पर विचार विमर्श किया है, माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में फिलहाल छह से सात मंत्री हो सकते हैं। जिन लोगों के शामिल होने की संभावना है उनमें हरपाल चीमा, अमन अरोड़ा, हरजोत बैंस, बलजिंदर कौर, नीना मित्तल और बुद्ध राम शामिल हैं।
पंजाब में आम आदमी पार्टी ने प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज की और अब वह सरकार बनाने का दावा पेश कर चुकी है। भगवंत मान मुख्यमंत्री पद के लिए 16 मार्च को शपथ लेंगे। उनके साथ ही अन्य नेता भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। भगवंत मान शहीदे आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में शपथ लेंगे जिसके लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पंजाब सरकार इस समारोह पर मोटा खर्च करने जा रही हैं। इस समारोह पर कुल 2 करोड़ 57 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।