प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष और अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय का 69 वर्ष की आयु में निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक, बिबेक देबरॉय का आज सुबह निधन हो गया। उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। बिबेक देबरॉय पुणे के गोखले इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिटिक्स एंड इकोनॉमिक्स के कुलपति भी रह चुके हैं। दिल्ली एम्स ने कहा कि आंतों में दिक्कत की वजह से बिबेक देबरॉय का निधन हुआ है। भारत सरकार दिग्गज अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय को पद्म श्री सम्मानित भी कर चुकी है।
पीएम मोदी ने जताया शोक
डॉ. बिबेक देबरॉय के निधन पर पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘डॉ. बिबेक देबरॉय एक महान विद्वान थे, जो अर्थशास्त्र, इतिहास, संस्कृति, राजनीति, अध्यात्म और अन्य विविध क्षेत्रों में पारंगत थे। अपने काम के जरिए उन्होंने भारत के बौद्धिक परिदृश्य पर एक अमिट छाप छोड़ी। सार्वजनिक नीति में अपने योगदान के अलावा उन्हें हमारे प्राचीन ग्रंथों पर काम करना और उन्हें युवाओं के लिए सुलभ बनाना पसंद था।’ उन्होंने देबरॉय के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की।