झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की पहली सूची, 66 उम्मीदवारों का नाम शामिल

by Priya Pandey
0 comment

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी ने पहली लिस्ट में 66 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी धनवार से चुनाव लड़ेंगे। बोरियो से लोबिन हेम्ब्रोम को टिकट मिला है। जामताड़ा से सीता सोरेन चुनावी मैदान में होंगी। राज्य के पूर्व सीएम चंपई सोरेन सरायकेला से ही चुनाव लड़ेंगे। चंपई सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। वहीं, चाईबासा से गीता बालमुचू, जगनाथपुर से गीता कोड़ा और पोटका से मीरा मुंडा को टिकट मिला है।भारतीय जनता पार्टी की पहली सूची में शामिल प्रमुख उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी धनवार सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इनके अलावा सीता सोरेन जामताड़ा से, चंपई सोरेन सरायकेला से और गीता कोड़ा जगन्नाथपुर से चुनाव लड़ेंगी। ओडिशा के राज्यपाल और पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास की बहू पूर्णिमा साहू को जमशेदपुर पूर्व सीट के लिए बीजेपी ने टिकट दिया है। अर्जुन मुंडा की पत्नी को भी टिकट दिया गया है. मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा पोटका से चुनाव लड़ेंगी।

पूर्व सीएम चंपई सोरेन और उनके बेटे दोनों ही चुनाव मैदान में हैं। चंपई सोरेन सरायकेला से और उनके बेटे बाबूलाल सोरेन घाटशिला से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी ने कोडरमा सीट के लिए नीरा यादव, गांडेय सीट के लिए मुनिया देवी, सिंदरी में तारा देवी, निरसा में अपर्णा सेनगुप्ता और झरिया से रागिनी सिंह को टिकट दिया है। चाईबासा में गीता बलमुच और छतरपुर विधानसभा सीट पर पुष्पा देवी भुइयां बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत को गुमला विधानसभा सीट पर प्रत्याशी बनाया गया है।

बीजेपी राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से 68 पर चुनाव लड़ रही है। बाकी शेष सीटें उसने अपने सहयोगी दलों के लिए छोड़ दी हैं। एनडीए में बीजेपी के प्रमुख सहयोगी दलों में आजसू (AJSU) 10 सीटों पर, जनता दल यूनाइटेड (JDU) दो सीटों पर और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) (LJP) एक सीट पर चुनाव लड़ेगी।

About Post Author