फ्रैंकफर्ट से मुंबई आ रही विस्तारा फ्लाइट में बम की धमकी, फ्लाइट की मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग

by Priya Pandey
0 comment

विमानों को पिछले कुछ दिनों से लगातार बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही है। जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से मुंबई आ रही विस्तारा की फ्लाइट (बोइंग 787 विमान) को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी मिलने के बाद फ्लाइट की मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इसके बाद फ्लाइट को तुरंत अलग क्षेत्र में ले जाकर गहन जांच की गई। जांच में कुछ नहीं मिला।जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट की सुबह 7.45 बजे सुरक्षित लैंडिंग हुई। सूत्रों के अनुसार, विमान में 134 यात्री और चालक दल के 13 सदस्य सवार थे। विस्तारा ने एक बयान में कहा कि फ्रैंकफर्ट-मुंबई की फ्लाइट को सुरक्षा अलर्ट मिला लेकिन वह सुरक्षित रूप से यहां उतर गई।

अकासा एयरलाइन की फ्लाइट को मिली थी धमकी

इससे पहले बुधवार को दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली अकासा एयर (Akasa Air) की फ्लाइट QP 1335 को धमकी मिली थी। धमकी मिलने के बाद फ्लाइट को दिल्ली वापस लाया गया। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फ्लाइट की लैंडिंग की गई। फ्लाइट में 174 यात्री सवार थे। फ्लाइट में तीन बच्चे और सात क्रू मेंबर्स सवार थे।

वहीं, सोमवार को मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस के दो अंतरराष्ट्रीय विमान को आज बम से उड़ाने की धमकी दी गई। वहीं, मुंबई से न्यूयॉर्क जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी मिलने के बाद एयर इंडिया की फ्लाइट की दिल्ली हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

About Post Author