सलमान खान को जान से मारने के लिए लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे उनकी कार और उनके फार्म हाउस पर बड़ा हमला करने की साजिश रच रहे थे। पाकिस्तान से हथियार मंगाने की तैयारी चल रही थी। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को इस साजिश का पता पहले ही लग गई थी। समय रहते गैंग के खतरनाक इरादे को नाकाम कर दिया गया।नवी मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 4 गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान धनंजय सिंह तपे सिंह उर्फ अजय कश्यप, गौरव भाटिया उर्फ न्हायी, वस्पी खान उर्फ वसीम चिकना और जीशान खान उर्फ जावेद खान के तौर पर की गई है। सलमान खान का पनवेल फार्म हाउस की रेकी करने के दौरान इन चारों आरोपियों को पकड़ा गया। इस पूरे मामले में लारेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई मुख्य आरोपी हैं। इनके अलावा FIR में गोल्डी बरार, रोहित गोदारा, संपत नेहरा, रॉकी शूटर सहित कुल 18 से ज्यादा आरोपियों के नाम शामिल हैं।
लारेंस बिश्नोई गैंग सलमान खान की कार और फार्म हाउस पर AK-47, AK-92 और M-16 जैसे बड़े हथियारों से हमला करने वाला था। सारे हथियार पाकिस्तान के बड़े हथियार डीलर से लारेंस बिश्नोई गैंग ऑर्डर करने वाला था। FIR कॉपी में साफ-साफ लिखा है कि कैसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग इन हथियारों का इस्तेमाल सलमान खान का मारने के लिए करने वाला था।