केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 291 हो गई हैं। 130 लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 240 से ज्यादा लोग आज तीसरे दिन भी लापता हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को फिर से वायनाड में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। डिजास्टर मैनेजमेंट टीम ने फिर से कुछ जगहों पर लैंडस्लाइड का खतरा जताया है।इस बीच राहुल गांधी और प्रियंका गांधी चूरलमाला पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात की। लैंडस्लाइड से सबसे ज्यादा नुकसान यहीं हुआ है। यहां के बाद दोनों रिलीफ कैंप जाकर पीड़ितों से मिलेंगे। राहुल वायनाड और रायबरेली से लोकसभा चुनाव जीते थे। उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी थी। अब प्रियंका वायनाड से चुनाव लड़ने वाली हैं।
वहीं, आर्मी के जनरल कमांडर ऑफिसर मेजर जनरल वीटी मैथ्यू ने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है। अब हम केवल शवों को खोजने का काम कर रहे हैं। अगर हमें घरों में कोई फंसा मिलेगा तो उसे निकालेंगे। बारिश के चलते काम में दिक्कत आ रही है। आर्मी के 5 टीमों और 3 डॉग्ज को यहां डिप्लॉय किया गया है। शाम को खतरे के चलते ऑपरेशन बंद कर देंगे।
बता दें की लैंडस्लाइड सोमवार देर रात करीब 2 बजे और मंगलवार सुबह 4 बजे के बीच मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांवों में हुई थीं। इनमें घर, पुल, सड़कें और गाड़ियां बह गईं थीं। बुधवार देर रात तक 1592 लोगों का रेस्क्यू किया गया, 3 हजार लोगों को राहत शिविर में भेजा गया है।