दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के घर पर हुए हमले के बाद सियासत गरमाई हुई है। हमले को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी पर निशाना साधा है। अब इस घटना पर सीएम केजरीवाल की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा है कि केजरीवाल इमपॉर्टेंट नहीं है। मैं बहुत छोटा आदमी हूं, देश के लिए जान भी हाजिर है, लेकिन ऐसी गुंडागर्दी से देश आगे नहीं बढ़ने वाला।
केजरीवाल ने आगे कहा कि 21वीं सदी के भारत के लिए प्यार मोहब्ब्त से काम करना होगा। मारपीट और गुंडागर्दी में 75 साल बर्बाद कर दिए। उन्होंने बीजेपी को निशाना बनाते हुए कहा कि यदि देश की सत्ताधारी पार्टी अगर राजधानी में गुंडागर्दी करेगी, तो इससे युवाओं में क्या संदेश जाएगा।
वहीं, आम आदमी पार्टी ने कहा था कि भाजपा के लोग अरविंद केजरीवाल की हत्या की साजिश कर रहे हैं। पार्टी की तरफ से कहा गया था कि जब चुनाव में जीत हासिल नहीं कर पाए तो केजरीवाल को मारने की कोशिश की जा रही है।
बता दें कि विधानसभा में ‘द कश्मीर फाइल्स’ पर दिए गए बयान के बाद कई जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किए। बुधवार को केजरीवाल के घर के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।