दिल्ली नगर निगम में मेयर चुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए। दिल्ली के नए महापौर के तौर पर भाजपा पार्षद राजा इकबाल सिंह को चुना गया है। मतदान में कुल 142 वोट पड़े। इसमें बीजेपी के राजा इकबाल को 133 वोट और कांग्रेस के मनदीप सिंह को 8 वोट मिले, जबकि एक वोट इनवेलिड हो गया है। डिप्टी मेयर BJP के जयभगवान यादव बने। अब आम आदमी पार्टी सरकार और नगर निगम दोनों ही जगह विपक्ष में है। इस बार का चुनाव विशेष रूप से दिलचस्प रहा, क्योंकि सत्तारूढ़ आप ने इन पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल नहीं करवाया था। साथ ही, चुनाव प्रक्रिया से बहिष्कार भी कर दिया था। दोनों पदों के लिए विपक्षी दल भाजपा व कांग्रेस के पार्षदों के बीच मुकाबला था। एमसीडी सदन में भाजपा के पास 135 वोट हैं, जबकि कांग्रेस के पास केवल आठ वोट हैं। आप के पास 119 वोट हैं।
मेयर व डिप्टी मेयर चुनाव में लोकसभा के सातों व राज्यसभा के तीनों सांसदों और विधानसभा की ओर से मनोनीत किए जाने वाले 20 प्रतिशत (14) विधायकों को भी मतदान करने का अधिकार है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मेयर चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए भाजपा की वरिष्ठ पार्षद सत्या शर्मा को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया था।
बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की पराजय हुई थी और रेखा गुप्ता के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनी है और अब दिल्ली नगर निगम में भी बीजेपी का मेयर और डिप्टी मेयर बन गया है।