दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। शाम 5:00 बजे यमुना का जलस्तर 205.40 मीटर दर्ज किया गया। जबकि यमुना में डेंजर लेवल 205.33 मीटर है। भारी बारिश और हथिनी कुंड से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने से यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ते ही जा रहा है।यमुना नदी दिल्ली में चेतावनी बिंदु (Warning Point) 204.50 मीटर पहले ही पार कर चुकी थी। अब यमुना ने खतरे के निशान को भी पार कर लिया है। इस बीच दिल्ली में बड़े स्तर पर जलभराव और यातायात अवरुद्ध होने के बीच उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, अमित शाह ने राजधानी में जलभराव और इसके बाद यातायात अवरुद्ध होने के मुद्दे पर रविवार को सक्सेना से बात की थी। एलजी ऑफिस ने बैठक की पुष्टि की, लेकिन ज्यादा जानकारी नहीं दी। दिल्ली में शनिवार और रविवार को भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। दिल्ली में निकट भविष्य में जी-20 के कई कार्यक्रम होने हैं, जिनमें सितंबर में इसके शिखर-सम्मेलन का आयोजन भी शामिल है।
दिल्ली में इस बार बारिश राहत नहीं, बल्कि आफत बनकर आई है। हर साल छोटी मोटी जलभराव की घटनाएं सामने आती थीं, जिनसे दिल्ली नगर निगम के अधिकारी निपट लेते थे, लेकिन इस बार हालात गंभीर हैं।