द कश्मीर फाइल्स फिल्म को लेकर इस समय पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। पूरे देश में द कश्मीर फाइल्स को लेकर दर्शकों का माहौल बहुत अलग नजर आ रहा है। द कश्मीर फाइल्स चला रहे अधिकांश सिनेमाघरों में शो हाउस फुल चल रहे हैं। देश के कई इलाके में सिनेमाघर में द कश्मीर फाइल्स फिल्म के शो की टिकट लोगों को आसानी से नहीं मिल पा रही है। ऐसे में लोग द कश्मीर फाइल्स फिल्म देखने के लिए अब वैकल्पिक माध्यम की बात जोह रहे हैं।
देश के कई राज्यों में द कश्मीर फाइल्म फिल्म पर हो रही हॉट चर्चा के बाद अब हैकर्स ने भी अपनी नजरें इनायत कर दी है। द कश्मीर फाइल्स फिल्म देखने के लिए कई तरह के लिंक सोशल मीडिया साइट पर भेजे जा रहे हैं। इसमें से अधिकांश लिंक देश के विभिन्न राज्यों से हैकर्स के द्वारा लगातार भेजे जा रहे हैं। जो फ्री में यह फिल्म दिखाने का झांसा देकर मोबाइल फोन हैक कर रहे हैं और उनके खातों से पैसे निकाल कर ठगी कर रहे हैं
इस मामले में नोएडा के एडिशनल डीसीपी ने लोगों को इस तरह के लिंक से सतर्क रहने की अपील की हैं। उन्होंने बताया कि साइबर ठगों ने कश्मीर फाइल्स का लिंक भेजकर ठगी का नया तरीका निकाला है। नोएडा जोन के डीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि दिल्ली में कई लोगों के पास कश्मीर फाइल्स नाम के लिंक आए और जब उन्होंने लिंक पर क्लिक किया तो उनके खाते से रुपये निकाल लिए गए। साइबर अपराधी निशुल्क फिल्म दिखाने का झांसा दे रहे हैं और मोबाइल फोन पर लिंक भेज रहे हैं। यह लिंक आते ही जब कोई इस खोल रहा है तो उसका मोबाइल हैक हो जाता है और खाते से पैसे निकलने लगते हैं। इस बात का संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस ने लोगों को सतर्क किया है कि ऐसे लिंक और साइबर अपराधियों के झांसे में हरगिज ना आए।