कर्नाटक के शिमोगा जिले में बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद राज्य में तनाव का माहौल है। हालांकि इस मामले में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने बताया कि घटना के सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रताप रेड्डी ने बताया कि सभी आरोपियों को पहचान लिया गया है। पुलिस की टीमें बाहर के साथ-साथ शिमोगा जिले में भी तलाश कर रही हैं। आरोपियों की तलाश का काम चल रहा है।
उन्होंने बताया, ‘हम आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के कगार पर हैं। कुछ लोगों की गिरफ्तारी की गई है। बाकी लोगों को भी जल्दी ही गिरफ्तार किया जाएगा।’ उन्होंने कहा कि धारा 144 लागू होने के बावजूद मंगलवार की सुबह तुंगनगर क्षेत्र में कुछ वाहनों को आग लगा दी गई। रेड्डी ने कहा, ‘कार्यकर्ता की हत्या के बाद से शिवमोगा में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है तथा स्थिति और न बिगड़े, इसके लिए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की ओर से भी प्रबंध किए गए हैं।’
शिमोगा में तनाव का माहौल
बजरंग दल कार्यकर्ता की मौत से पूरे शिमोगा में तनाव का माहौल है। घटना से नाराज लोगों ने आज पूरे इलाके में आगजनी की। हालांकि हत्या के संबंध में पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया है। कर्नाटक के गृहमंत्री अरगा ज्ञानेंद्र ने मंगलवार को बताया, ’12 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।’ कार्यकर्ता की हत्या के संबंध में पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है और 12 को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान काशिफ, नदीम, आसिफ और रिहान के रूप में की गई है जिनकी उम्र 20 साल के आसपास है। सूत्रों ने कहा, ‘इन आरोपियों की बैकग्राउंट की पड़ताल की जा रही है।’ दरअसल, यह घटना रविवार की है। शिमोगा में रविवार रात कार में आए कुछ अज्ञात लोगों ने बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या कर दी थी। कार्यकर्ता का नाम हर्ष था।