उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां मंदिर में दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। यह हादसा इटियाथोक थाना क्षेत्र में हुआ, जिसमें 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।[ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
बताया जाता है कि बोलेरो सवार सभी लोग पृथ्वीनाथ मंदिर जल चढ़ाने के लिए निकले थे। रास्ते में गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सीधे सरयू नहर में पलट गई। बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीण पहुंचे। जिसके बाद पुलिस प्रशासन की टीम भी पहुंच गई। जिसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। घायल लोग गाड़ी के अंदर तड़प रहे थे। जिसके बाद किसी तरह गाड़ी के शीशे तोड़कर रेस्क्यू किया गया।
वहीं इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने के लिए कहा गया है।

