संसद पर हमले की बरसी के दिन ही वहां सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। लोकसभा की कार्यवाही के दौरान बुधवार को दर्शक दीर्घा से दो शख्स नीचे कूद गए। सांसदों ने दोनों शख्स को घेर लिया। लोकसभा की सुरक्षा में लगे मार्शल भी तुरंत दौड़कर आए और दोनों को पकड़ लिया। इस बीच राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने संसद में सुरक्षा चूक पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा में कहा, ”लोकसभा में जो दो लोग कूदकर गड़बड़ किए। इस दौरान यहां पर (राज्यसभा) में भी इसकी आवाज उठाई गई। समस्या बहुत गंभीर है। लोकसभा और राज्यसभा का सवाल नहीं है, लेकिन प्रश्न है कि इतनी सुरक्षा में कैसे किसी ने सेंध लगा दी।”
बता दें की इससे कुछ देर पहले दो लोग संसद के बाहर प्रदर्शन करते दिखे। इनमें से एक महिला भी थी। इनके हाथ में कलर गैस था। दोनों ने बाहर इसका छिड़काव किया। दोनों को सुरक्षाकर्मियों ने हिरासत में ले लिया। अब यह बात भी सामने आ रही है कि चारों एक-दूसरे को जानते थे। यह घटना बुधवार दोपहर एक बजकर एक मिनट पर हुई। लोकसभा में पीठासीन अधिकारी राजेंद्र अग्रवाल शून्य काल की कार्यवाही को संचालित कर रहे थे। मालदा उत्तर से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू अपनी बात रख रहे थे। तभी दो शख्स दर्शक दीर्घा से नीचे कूद गए।