85 लाख रुपए की लूट करने वाला आरोपी 11 साल बाद गिरफ्तार, मुंबई में काट रहा था फरारी

by MLP DESK
0 comment

इंदिरापुरम क्षेत्र में 11 साल से लूट मामले में फरार चल रहे 25 हजार इनामी लुटेरे को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मुरादाबाद से गिरफ्तार कर इंदिरापुरम पुलिस को सौंप दिया। पकड़ा गया आरोपित मुंबई में हुलिया बदलकर फरारी काट रहा था।

 

 

सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि 23 अक्टूबर 2010 को इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन के सतीश के साथ 85 लाख रुपए की लूट हुई थी। जिसमें पुलिस ने आदर्श नगर सिविल लाइन मुरादाबाद के यशपाल, राजेश और अखिलेश को गिरफ्तार करके पूर्व में जेल भेज दिया था। उनका साथी दीपक उर्फ पप्पू फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस तब से उसकी तलाश कर रही थी।

एसटीएफ ने शनिवार को मुरादाबाद के कटघर से दीपक उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर इंदिरापुरम पुलिस को सौंप दिया। आरोपित लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद मुंबई में भाग गया था। जहां पुलिस से बचने के लिए हुलिया बदलकर दिखावे के लिए मजदूरी करता था। आशंका है कि वह मुंबई में भी अपराधों में संलिप्त था।

उन्होंने बताया महाराष्ट्र पुलिस ने से भी संपर्क किया जाएगा। आरोपित दीपक बहुत ही शातिर अपराधी है। यहां से भागने के बाद वह परिवार के संपर्क में बहुत कम रहता था। कभी-कभी सार्वजनिक टेलीफोन बूथों से परिवार वालों से बात कर लेता था। इस कारण वह पुलिस के चंगुल में नहीं आ रहा था। दीवाली त्योहार के चलते वह अपने घर आया था। तभी एसटीएफ के टीम ने गिरफ्तार कर लिया।

About Post Author