मिथुन चक्रवर्ती की पहली पत्नी हेलेना ल्यूक का निधन हो गया है। उन्होंने अमेरिका में रविवार को आखिरी सांस ली। एक्ट्रेस-डांसर कल्पना ऐयर ने सोशल मीडिया पर हेलेना के निधन की जानकारी दी है। हालांकि उनके निधन का कारण नहीं पता चल सका है। हेलेना ने अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘मर्द’ में काम किया था, जिससे उन्हों काफी पॉपुलैरिटी मिली थी।रिपोर्ट्स की मानें तो 68 साल की पूर्व एक्ट्रेस हेलेना ल्यूक बीते कई दिनों से बीमार थीं, हालांकि उन्होंने लापरवाही करते हुए डॉक्टर्स के पास जाने से इनकार कर दिया। फिलहाल उनके निधन का सही कारण सामने नहीं आ सका है। उनका आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट जमकर वायरल हो रहा है। 2 नवंबर की रात करीब 8.50 बजे हेलेना ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा था, “अजीब महसूस हो रहा है। भावनाएं मिली-जुली हैं लेकिन क्यों, नहीं जानती। असमंजस में हूं।” मौत से पहले हेलेना का ये पोस्ट उनके चाहने वालों को परेशान कर रहा है।
योगिता बाली से शादी करने से पहले मिथुन चक्रवर्ती ने हेलेना ल्यूक से विवाह किया था। हालांकि दोनों सितारों का रिश्ता चंद महीने ही चला। शादी के करीब चार महीने बाद ही मिथुन और हेलेना एक दूसरे से अलग हो गए थे. बाद में दोनों का तलाक हो गया था। मिथुन चक्रवर्ती ने मॉडल और एक्ट्रेस हेलेना ल्यूक से साल 1979 में शादी की थी। उस वक्त हेलेना का जावेद खान से पांच साल के रिश्ते के बाद ब्रेकअप हुआ था। हालांकि दोनों की शादी का फैसला कुछ महीनों में ही गलत साबित हुआ और दोनों का तलाक हो गया।