मोहन माझी ओडिशा के नए सीएम बन गए हैं। उनके साथ दो डिप्टी सीएम ने भी शपथ ली है। उनके शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए। पहली बार विधायक प्रभाती परिदा और छह बार विधायक केवी सिंह देव को उपमुख्यमंत्री पद के लिए चुना गया है। मोहन माझी एसटी के लिए आरक्षित क्योंझर सीट से राज्य विधान सभा के लिए चुने गए और एक मजबूत आदिवासी चेहरा हैं। के वी सिंह देव के साथ प्रावती परिदा, जो राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम बनी हैं। इनके अलावा 11 मंत्री और राज्य मंत्री शपथ ले रहे हैं।समारोह में मोदी के अलावा भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, भूपेन्द्र यादव, धर्मेंद्र प्रधान, जुएल ओराम, अश्विनी वैष्णव और अन्य शामिल हुए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश, गोवा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, असम, गुजरात, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड सहित भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी उपस्थित थे। समारोह में ओडिशा के निवर्तमान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी शामिल हुए। भाजपा को पहली बार ओडिशा में स्पष्ट जनादेश मिला जिससे बीजू जनता दल (बीजद) का 24 साल पुराना शासन खत्म हो गया। राज्य की 147 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 78 सीट हासिल करके सत्ता में आई, जबकि पटनायक के नेतृत्व वाली बीजद को 51, कांग्रेस को 14, माकपा को एक सीट मिली तथा तीन सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।