रतन टाटा के निधन के बाद अब टाटा ट्रस्ट की कमान नोएल टाटा संभालेंगे। टाटा ट्रस्ट के नए चेयरमैन को लेकर शुक्रवार को टाटा ट्रस्ट की अहम बैठक में यह फैसला हुआ। टाटा ट्रस्ट के बोर्ड ने शुक्रवार को सर्वसम्मति से उन्हें अपना चेयरमैन चुना। 67 साल के नोएल टाटा रतन टाटा के सौतेले भाई हैं और कई सालों से टाटा समूह से जुड़े हुए हैं, जिसमें टाटा ट्रस्ट भी शामिल है। वह नवल टाटा की दूसरी पत्नी के बेटे हैं। वह पहले से ही सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट के बोर्ड में ट्रस्टी हैं।फिलहाल नोएल टाइटन और टाटा स्टील के वाइस-चेयरमैन हैं। वह टाटा समूह की रिटेल कंपनी ट्रेंट (जूडियो और वेस्टसाइड के मालिक) और इसकी एनबीएफसी फर्म टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्प के चेयरमैन भी हैं। नोएल वोल्टास के बोर्ड में भी काम करते हैं। टाटा समूह के साथ उनकी यात्रा 1999 में शुरू हुई। उन्होंने ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नोएल टाटा साल 2019 में सर रतन टाटा ट्रस्ट बोर्ड में शामिल हुए और 2018 में टाइटन कंपनी के वाइस चेयरमैन बने। इसके बाद मार्च 2022 में टाटा स्टील में वाइस चेयरमैन बने। उन्होंने पहले टाटा इंटरनेशनल लिमिटेड का नेतृत्व किया है। वह 11 से अधिक वर्षों तक ट्रेंट के एमडी के रूप में कार्य किया। आज यह 2.8 लाख करोड़ रुपये की कंपनी है।