नोएडा में महिला से अभद्रता करने वाला श्रीकांत गिरफ्तार, मेरठ में पकड़ा गया, छानबीन के बाद पुलिस को मिली लोकेशन

by Priya Pandey
0 comment

नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता करने वाले श्रीकांत त्यागी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर नोएडा पुलिस ने 25 हजार का इनाम रखा था।

श्रीकांत और उसके 3 साथियों को पुलिस ने मेरठ से गिरफ्तार किया है। पुलिस को श्रीकांत की लोकेशन उसके पत्नी के फोन से मिली। नोएडा के कमिश्नर आलोक सिंह ने कहा, ”आज शाम को श्रीकांत त्यागी सूरजपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। उस पर गैंगस्टर एक्ट लगेगा। संपत्ति भी जब्त होगी।”

भाजपा सांसद महेश शर्मा ने कहा, “हमें मुख्यमंत्री पर पूरा विश्वास था। जिस तरह से 24-36 घंटे में एक्शन हुआ है, उससे कानून व्यवस्था पर विश्वास बढ़ा है।”

मेरठ में रिश्तेदार के यहां छिपा था श्रीकांत
सूत्रों के मुताबिक, ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी से फरार होने के बाद श्रीकांत ने मेरठ में अपने रिश्तेदार के यहां शरण ली थी। सोमवार रात में श्रीकांत ने पत्नी अनु त्यागी को कॉल किया था। पुलिस को यहीं से बड़ी लीड मिली। पुलिस ने मंगलवार सुबह अनु त्यागी को दोबारा हिरासत में लिया और पूछताछ की। उसके मोबाइल की छानबीन की गई। उसी इनपुट के आधार पर नोएडा पुलिस श्रीकांत त्यागी तक पहुंच गई।

श्रीकांत की बहन बोलीं- घर का बच्चा सेफ है
श्रीकांत की गिरफ्तारी पर उसकी बहन ने कहा, “हम गिरफ्तारी से खुश हैं। घर का बच्चा सुरक्षित है। पिछले चार दिनों से वे फरार चल रहे थे। मन में कई आशंकाएं चल रही थीं कि कहीं कुछ हो न हो।”

About Post Author