उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जनपद में कोरोना संक्रमण के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के 2 नए मामले मिलने के बाद गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। अब दोनों व्यक्ति जहां से आए थे, वह वहां पर वापस चले गए हैं। जिसके बाद गाजियाबाद में जिस स्थान पर दोनों लोग आए थे, वहां पर आसपास में रहने वाले 150 लोगों की जांच शुरू कर दी गई है।
गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि, बीते 29 नवंबर को मुंबई के रहने वाले बुजुर्ग दंपत्ति गाजियाबाद के नेहरू नगर में आए थे। जांच में पता चला है कि, इन लोगों का नेहरू नगर में कोई रिश्तेदार रहता है। जिनसे मिलने के लिए यह गाजियाबाद आए थे। यहां आने के बाद दोनों बुजुर्ग पत्नी-पति की तबीयत खराब हो गई तो इनकी ओमिक्रोन की जांच की गई, जिसमें इनमें ओमिक्रोन की पुष्टि हो गई।
शुक्रवार को गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग से इजाजत लेने के बाद यह दोनों बुजुर्ग दंपत्ति वापस मुंबई चले गए। वहीं, अब आसपास में रहने वाले लोगों में ओमिक्रोन को लेकर दहशत का माहौल है अब गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग ने आसपास रहने वाले 150 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। इन लोगों की ओमिक्रोन की जांच की जाएगी। गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग की नजर में सैकड़ों लोग हैं, जिनकी ओमिक्रोन को लेकर निगरानी की जा रही है।