झारखंड में बोले PM मोदी, “कांग्रेस की राजनीति का आधार है जनता से झूठ बोलना और धोखा देना”

by Priya Pandey
0 comment

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को झारखंड विधानसभा के पहले फेज चुनाव के लिए गढ़वा और चाईबासा में दो रैलियां की। पीएम मोदी ने झारखंड के गढ़वा में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आपने कुछ महीने पहले दिल्ली में लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए सरकार बनाई। अब झारखंड में विधानसभा का चुनाव है, हम सभी को मिलकर यहां भाजपा एनडीए के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनानी है। पीएम मोदी ने लोगों को छठ महापर्व की बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि इस समय छठ का उत्साह भी चारों तरफ दिख रहा है। में छठी मैया की उपासना करने वालों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। भाजपा का शानदार संकल्प पत्र- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा, झारखंड की सुविधा, सुरक्षा, स्थिरता व समृद्धि की गांरटी के साथ चुनावी मैदान में उतरी है। में झारखंड भाजपा को बहुत-बहुत बधाई देता हूं कि कल झारखंड भाजपा ने बहुत ही शानदार संकल्प पत्र जारी किया है। पीएम मोदी ने कहा कि ये संकल्प पत्र रोटी-बेटी-माटी के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित है।

भाजपा ने अलग झारखंड राज्य बनवाया- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में विपक्ष की विदाई तय है। पीएम मोदी ने याद दिलाया की भाजपा ने ही अलग झारखंड राज्य का निर्माण करवाया था। कुछ लोग कहते थे कि हमारी छाती पर झारखंड बनेगा। पीएम मोदी ने कहा कि जेएमएम गठबंधन की सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है। आपको झामुमो-कांग्रेस सरकार से पूछना चाहिए कि राज्य में अबुआ आवास योजना का क्या हुआ। लोकसभा चुनाव के दौरान, मैंने देश भर में 3 करोड़ नए घर बनाने की गारंटी दी थी। अब बीजेपी झारखंड ने भी 21 लाख नये घर बनाने का संकल्प लिया है। हर गरीब के पास घर हो, ये बीजेपी की गारंटी है।

पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड में ये चुनाव ऐसे समय हो रहे हैं, जब पूरा देश ‘विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहा है यानी आने वाले 25 वर्ष देश और झारखंड के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे और झारखंड भी तब 50 वर्ष का होने वाला होगा। मैं आज आप सबका आशीर्वाद मांगने आया हूं। आज झारखंड में हर तरफ एक ही गूंज है, ‘रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-एनडीए की सरकार।

युवाओं के साथ धोखा हुआ- पीएम मोदी

झारखंड के नौजवानों में टैलेंट की कमी नहीं है। ये हमारे झारखंड के बेटे और बेटियां खेल के मैदान में झारखंड का जज्बा दिखाते हैं। झारखंड के युवाओं का सामर्थ्यं बढ़े, उन्हें नए अवसर मिलें ये सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने झारखंड के युवाओं के साथ धोखा ही किया है। इन्होंने (जेएमएम कांग्रेस) झारखंड के नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन वादा पूरा नहीं किया। भर्तियों में धांधली, पेपर लीक जैसे यहां का उद्योग बन गया है। सिपाही भर्ती के दौरान जेएमएम सरकार की लापरवाही के कारण कई नौजवाओं की दुखद मृत्यु हो गई। अब झारखंड भाजपा ने इस स्थिति को बदलने का निर्णय लिया है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद करीब 3 लाख सरकारी पदों को पारदर्शी तरीके से भरा जाएगा।

कांग्रेस पर पीएम ने किया हमला

कांग्रेस और उसके साथी जहां-जहां भी झूठ बोलकर सत्ता में आए हैं, उस राज्य को उन्होंने बर्बाद कर दिया है। कांग्रेस के जो अध्यक्ष हैं, उन्होंने भी मान लिया है कि कांग्रेस झूठी गारंटी देती है। पता नहीं कैसे खड़गे जी के मुंह से जाने अनजाने में सच निकल गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जो ये अनाप-शनाप घोषणाएं हैं, ये राज्यों को दिवालिया कर देंगी।

कांग्रेस का आधार झूठ और धोखा

पीएम मोदी ने रैली में कांग्रेस जैसे विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कल अफवाहें फैलाने का बड़ा उद्योग चल पड़ा है। कुछ लोग भांति-भांति की दुकानें खेलकर बैठे हैं और अफवाह फैलाने का माल बेच रहे हैं। आपको ऐसी किसी भी अफवाह में नहीं आना है। पीएम ने कहा कि ये झूठे वादे करके मतदाताओं की धोखा देते हैं। हमारे नागरिकों की आंख में धूल झोंक देते हैं। अभी हाल ही में हरियाणा ने इन्हें सबक सिखाया है। पीएम ने कहा कि आजादी के बाद ही कांग्रेस की राजनीति का बहुत बड़ा आधार रहा है- जनता से झूठ बोलना, जनता को धोखा देना।

About Post Author