राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रयागराज पहुंचीं। वहां उन्होंने संगम में पवित्र स्नान किया और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन और आरती की। स्नान से पहले उन्होंने मां गंगा को पुष्प अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद राष्ट्रपति लेटे हनुमान मंदिर पहुंचीं और आरती की, फिर अक्षयवट धाम पहुंची और दर्शन-पूजन किया। राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी भी हैं।
राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर सुबह 9:30 बजे बमरौली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, जहां राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह अरैल पहुंचीं और अब सीएम योगी व राज्यपाल के साथ संगम के लिए रवाना हो गई हैं। राष्ट्रपति मुर्मू शाम 4 बजे तक प्रयागराज में रहेंगी।महाकुंभ का आज 29वां दिन है। 13 जनवरी से अब तक 43.57 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। आज दोपहर 12 बजे तक 83 लाख लोग स्नान कर चुके हैं। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी परिवार के साथ संगम में डुबकी लगाई। भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। प्रयागराज शहर में जबरदस्त भीड़ है। इसे देखते हुए अरैल घाट से संगम तक बोट बंद की गई है। इसके अलावा, संगम स्टेशन को 14 फरवरी तक बंद कर दिया गया है। प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ को मैनेज करने के लिए इमरजेंसी क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है।

