बारिश कहर बनकर बरस रही है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड की सभी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जानकारी के मुताबिक, हिमाचल में बारिश के कारण अभी तक 50 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री से बात कर हालात की जानकारी ली है।प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर प्रदेश की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में जान-माल, फसलों की बर्बादी, सड़कों की स्थिति, चार धाम यात्रा तथा कांवड़ यात्रा के बारे में जानकारी दी। साथ ही सीएम धामी ने एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे बचाव कार्यों के बारे में विस्तृत सूचना दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की है। पीएम ने बारिश से हुई बर्बादी के बारे में सीएम से पूरी जानकारी ली और पूरी मदद का भरोसा दिया।
बता दें कि हिमाचल में बारिश कहर बनकर टूट रही है। कई जिलों में जन जीवन प्रभावित हैं सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं। बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के चलते अब तक 54 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में आसमानी आफद को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और ड्यूटी पर तैनात रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं।