प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में एक प्रदर्शनी में शिरकत की। यह प्रदर्शनी स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2025’ के तहत आयोजित की गई है। प्रदर्शनी के दौरान, देश भर से आए युवा नेताओं ने पीएम मोदी के सामने अपने अभिनव (इनोवेटिव) योगदान और विचारों को पेश किया। साथ ही बताया कि किस प्रकार उनके प्रयास ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के अनुरूप हैं।भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में प्रधानमंत्री युवाओं के साथ महिला सशक्तिकरण, विकसित भारत, डिजिटल भारत, खेलों में श्रेष्ठता जैसे 10 विषयों पर प्रेजेंटेशन भी देखेंगे। कार्यक्रम में देश निर्माण के 10 विषयों पर 2047 में विकसित भारत के लिए उनके विजन को सम्मिलित किया गया है। इसे युवाओं की राजनीति की पाठशाला कहा जा सकता है।
प्रदर्शनी में डिजिटल प्रौद्योगिकी, वर्चुअल इनोवेशन और सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) में प्रगति को प्रमुखता से दिखाया गया, जो एक मजबूत, स्वस्थ और समृद्ध भारत बनाने का सामूहिक उद्देश्य प्रदर्शित करता है। इस कार्यक्रम में भारत की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण दस विषयों पर युवा इनोवेटर्स द्वारा प्रस्तुति दी जाएंगी। इन प्रस्तुतियों में प्रौद्योगिकी, स्थिरता, महिला सशक्तिकरण, विनिर्माण और कृषि जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है, जो देश की चुनौतियों के लिए नए समाधानों को दर्शाते हैं। बाद में, पीएम मोदी देश भर के 3,000 युवा नेताओं के साथ बातचीत करेंगे और एक संबोधन देंगे।