ब्रिटेन के प्रिंस फ़िलिप की मौत, 99 साल उम्र में हुआ निधन

by MLP DESK
0 comment

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फ़िलिप की मौत हो गई है। वह 99 साल के थे। प्रिंस फ़िलिप को हाल ही में हार्ट इंफ़ेक्शन का इलाज कराने के लिए अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था जिसके बाद वे घर लौट आये थे। 

रॉयल परिवार की ओर से जारी किये गए एक बयान में कहा गया, बेहद दुख के साथ महारानी ने यह घोषणा की है कि उनके पति और ड्यूक ऑफ़ एडिनबर्ग प्रिंस फ़िलिप अब इस दुनिया में नहीं रहे। विंडसर कैसल में शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी प्रिंस फ़िलिप के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया है।

फिलिप को ‘ड्यूक ऑफ़ एडिनबर्ग’ भी कहा जाता था। 1947 में उनका विवाह रानी एलिज़ाबेथ से हुआ था। उन्होंने 2017 में सार्वजनिक जीवन से संन्यास ले लिया था। फ़िलिप का जन्म 1921 में यूनानी द्वीप कोर्फू में हुआ था और वे यूनानी परिवार का हिस्सा थे। उनकी खेलों में गहरी रुचि थी।उनके परिवार में उनके चार बच्चे व आठ पोते-पोतियां हैं।
बता दें कि नौसेना के पूर्व कमांडर रह चुके प्रिंस फ़िलिप ने अपना पूरा जीवन रानी एलिज़ाबेथ के पति के बतौर, चैरिटी वर्क करते हुए गुज़ारा। क्‍वीन एलिज़ाबेथ और प्रिंस फ़िलिप ने पिछले साल नवंबर में अपनी 73वीं वेडिंग एनिवर्सिरी मनाई थी।
प्रिंस फ़िलिप को 16 फरवरी 2021 को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था। तक़रीबन एक महीने तक हार्ट प्रॉब्लम का इलाज चला जिसके बाद वे घर लौट आये थे।
उनके निधन की घोषणा करते हुए समाचार एजेंसी बीबीसी टेलीविजन ने फ़िलिप के मिलिट्री यूनिफ़ॉर्म की फ़ोटो दिखाते हुए नेशनल एंथम चलाया। प्रिंस फ़िलिप इसी साल जून में अपना 100वां जन्‍मदिन मनाने वाले थे लेकिन इसके कुछ माह पहले ही उनका निधन हो गया।

About Post Author