राजस्थान के जोधपुर में बासनी औद्योगिक क्षेत्र की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गयी। आस-पास की दो फैक्ट्रियां भी आग की चपेट में आ गई। इस भीषण आग को काबू करने के लिए 35 से अधिक दमकलों ने करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद काबू पाया। आग से करोड़ो रूपये के नुकसान की जानकारी सामने आई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन की आशंका जताई जा रही है, लेकिन स्थिति स्पष्ट नहीं है।प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है और क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। जानकारी अनुसार, जोधपुर के औद्योगिक क्षेत्र बासनी के गली संख्या छह में मरूधरा इंडस्ट्रीज में अचानक ही अज्ञात कारणों से आग लग गयी। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। आग लगने की सूचना तुरंत दमकल विभाग के अधिकारियों को दी गई। जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। आग के कारण दूर कर आसमान में काले धुएं का गुबार देखने को मिला।
दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरीके से काबू पाया। हालांकि, शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में लगी आग के कारण भारी नुकसान की संभावना है। आग लगने के कारण केमिकल फैक्ट्री में कई धमाके हुए। घटना की जानकारी होते ही फैक्ट्री के मालिक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। आग लगने की ठोस वजह की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।