राखी सावंत के पति आदिल खान दुर्रानी की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। राखी सावंत की शिकायत के बाद आदिल पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं। राखी सावंत ने आदिल पर मारपीट और उनके पैसे-जेवरात हड़पने का आरोप लगाया था। अब आदिल के खिलाफ एक ईरानी महिला ने रेप का केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि आदिल ने उसे शादी का झांसा देकर 5 महीने तक रेप किया।महिला ने मैसूर के वीवी पुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आदिल के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 417,420, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इससे पहले राखी सावंत ने भी आदिल पर धोखाधड़ी और मारपीट का आरोप लगाया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरानी महिला फार्मेसी की पढ़ाई के लिए इंडिया आई थी। उसने मैसूर के कॉलेज में दाखिला ले लिया, वहीं पर उसकी मुलाकात आदिल से हुई। आदिल वहीं एक फूड आउटलेट का मालिक था, ईरानी महिला अक्सर वहां जाया करती थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं। लड़की का कहना है कि आदिल बार-बार शादी की बात किए जाने पर टाल रहा था। करीब 5 महीने पहले जब लड़की ने आदिल से फिर शादी के लिए कहा तो उसने इनकार कर दिया और कहा कि उसके कई और लड़कियों के साथ इसी तरह के संबंध हैं।
ईरानी महिला ने आदिल से कहा कि अगर वह उससे शादी नहीं करेगा तो वह पुलिस में उसकी शिकायत कर देगी। आदिल ने तब उसे दो नंबरों से इंटिमेट फोटोज भेजे और कहा कि अगर वह पुलिस में गई तो ये फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर कर देगा। साथ ही उसके पेरेंट्स को भी भेज देगा। आदिल ने उसे जान से मारने की भी धमकी दी। पीड़ित महिला ने पुलिस को वो दोनों नंबर्स भी दिखाए।
बता दें कि राखी सावंत ने भी अपने पति आदिल पर धोखाधड़ी और मारपीट का आरोप लगाया है। राखी की शिकायत पर उसकी गिरफ्तारी भी हुई है। 6 फरवरी को राखी ने आदिल के खिलाफ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई थी, जिसके बाद ओशिवारा पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया था।