रायपुर में चल रहे कांग्रेस के 85वां पूर्ण अधिवेशन में सोनिया गांधी ने दूसरे दिन पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व के साथ 2004 और 2009 में हमारी जीत ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है, जो कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ था।
सोनिया गांधी ने अपने भाषण में राहुल गांधी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि राहुल के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा ने बहुत अच्छा काम किया। सोनिया ने कहा कि जिस तरह से राहुल ने इस यात्रा में लोगों के पास पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना वो काबिले तारीफ है। सोनिया ने इसी के साथ अपनी रिटायरमेंट की ओर इशारा करते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से बेहतर मेरी पारी की समाप्ति नहीं हो सकती।
सोनिया गांधी ने आगे कहा कि हमें भाजपा शासन से सख्ती से निपटना होगा और लोगों तक अपनी पहुंच बढ़ानी होगी ताकि अपने संदेश स्पष्टता के साथ दे सकें। सोनिया ने आगे कहा कि भाजपा नफरत की आग में घी डालने का काम कर रही है और अल्पसंख्यकों, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों को निशाना बना रही है। कांग्रेस नेता ने इसी के साथ कहा कि यह समय पार्टी और देश के लिए चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि भाजपा ने हर संस्थान पर कब्जा कर लिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि एक ऐसा माध्यम है जिसके द्वारा लोग समानता, स्वतंत्रता और न्याय के लिए लड़ते हैं। हम लोगों की आवाज को आगे बढ़ाते हैं और उनके सपने पूरे करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारा रास्ता आसान नहीं है लेकिन हम जरूर जीतेंगे। सोनिया ने इसी के साथ कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है।