बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम और उनके दोस्त पर कॉन्सर्ट के दौरान हमला हो गया है। सोनू निगम का मुंबई के चेंबूर में सोमवार को एक कॉन्सर्ट था। न्यूज एजेंसी एएनआई की मानें तो कॉन्सर्ट के दौरान सिंगर के साथ सेल्फी लेने के चक्कर में कुछ विवाद हो गया था। जिसके बाद सोनू निगम और उनके दोस्तों पर हमला कर दिया गया। हमले में उनका दोस्त घायल हो गया है जो अस्पताल में भर्ती है। वहीं सोनू निगम ने पुलिस से संपर्क कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।इस मामले में हाथापाई की घटना के संबंध में मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, गलत तरीके से रोकने और अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि गायक सोनू निगम की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने की सजा) और 337 (दूसरों की जान को खतरे में डालने) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
My brother wanted to click a selfie with Sonu Nigam, & when he was doing so, there was a dispute b/w him & Sonu Nigam's bodyguard. It was just a fan moment gone wrong. We later apologized to Sonu Nigam as well: Suprada Phaterpekar, sister of Swapnil Phaterpekar https://t.co/aMmqHN83lK pic.twitter.com/7UccAo6VbO
— ANI (@ANI) February 21, 2023
हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर स्वप्निल फटरपेकर की बहन सुप्रदा फटरपेकर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि मेरा भाई सोनू निगम के साथ सेल्फी लेना चाहता था और जब वह ऐसा कर रहे थे तो उनके और सोनू निगम के बॉडीगार्ड के बीच विवाद हुआ। यह बस एक फैन मोमेंट था। हमने बाद में सोनू निगम से भी माफी मांगी है।
बता दें कि मुंबई के चेंबूर पुलिस ने शिवसेना (यूबीटी) विधायक प्रकाश फटरपेकर के बेटे स्वप्निल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। चेंबूर पुलिस उसे जांच के लिए बुलाएगी। स्वप्निल पर सोनू निगम और उसके दोस्तों के साथ मारपीट करने का आरोप है। आरोपी ने सोनू के दोस्त को भी धक्का दिया है और उन दोनों को चोटें भी आई हैं।