श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे 21 जुलाई को भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आएंगे। इस दौरान उनके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करने की उम्मीद है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।पिछले साल जुलाई में जनता के विद्रोह के बाद गोटाबाया राजपक्षे को सत्ता से बेदखल कर दिया गया, जिसके बाद विक्रमसिंघे को नकदी संकट से जूझ रहे श्रीलंका का राष्ट्रपति नियुक्त किया गया। राष्ट्रपति बनने के बाद विक्रमसिंघे की यह पहली भारत यात्रा होगी। विक्रमसिंघे को सितंबर 2024 तक राजपक्षे के शेष कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है।
श्रीलंका सरकार और राष्ट्रपति कार्यालय के सूत्रों ने दिप्रिंट को बताया कि दिल्ली दौरा दो या तीन दिनों तक चलेगा। सूत्रों ने बताया कि विक्रमसिंघे की कैबिनेट की सोमवार को हुई बैठक में भारत की आधिकारिक यात्रा को अंतिम रूप दिया गया। कैबिनेट मंत्री जीवन थोंडामन उन कुछ लोगों में से हैं जो श्रीलंकाई राष्ट्रपति के साथ भारत आएंगे।