दिल्ली में सीजन का सबसे सर्द दिन रहा रविवार, AQI इतना किया गया दर्ज

by Priya Pandey
0 comment

दिल्ली में रविवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार, न्यूनतम पारा मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार के दिल्ली-एनसीआर अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से एक डिग्री कम है। वहीं दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।एक्यूआई शाम छह बजे 312 था, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है। शनिवार शाम छह बजे यह 322 दर्ज किया गया था। शाम साढ़े पांच बजे सापेक्ष आर्द्रता 60 प्रतिशत दर्ज की गई। दिल्ली-एनसीआर में अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। साथ ही कोहरे का असर भी दिखाई देना शुरू हो जाएगा। IMD के अनुसार सोमवार 11 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में रात में पारा लुढ़केगा। साथ ही दिन में भी तापमान में गिरावट हो सकती है, लेकिन सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के बाद पर्वतीय क्षेत्रों पर अच्छी बारिश व बर्फबारी हो सकती है जिससे मैदानी क्षेत्रों में भी इसका असर देखने को मिलेगा। ऐसे में अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में 20 दिसंबर के बाद से दिन में कंपकंपी महसूस हो सकती है।

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। दिल्ली का पालम केंद्र में दिन का तापमान सबसे कम 21.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि लोधी रोड में रात का तापमान सबसे कम 8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं एनसीआर की बात करें तो गुरुग्राम में दिन का तापमान सबसे कम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिल्ली में 8 से 18 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर, उत्तर-पश्चिमी दिशाओं से ठंडी हवा चली। सोमवार को भी इसी दिशाओं से ठंडी हवा चलने की उम्मीद है। संभावना है कि ठंडी हवा के कारण तापमान में गिरावट हो सकती है। सोमवार को दिन में आसमान साफ रहेगा। सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 डिग्री व न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 16 दिसंबर तक सुबह के समय मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट का अनुमान है।

About Post Author