फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ इन दिनों देशभर में छाई हुई है। अपनी रिलीज के साथ ही यह फिल्म कई रिकॉर्ड कायम करती नजर आ रही है। सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही कई तरह के विवादों में घिरी ‘द कश्मीर फाइल्स’ लोगों के बीच काफी समय से चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि फिल्म रिलीज होने के बाद से ही रोजाना उम्मीद से अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में फिल्म ने अपने बॉक्स कलेक्शन में एक नया मुकाम हासिल किया है। द कश्मीर फाइल्स ने तीसरे दिन 25 करोड़ से ऊपर का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया है।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट कर फिल्म का कलेक्शन साझा किया है। वे लिखते हैं- ‘#TheKashmirFiles ने बेहतरीन ग्रोथ दिखाई है…तीसरे दिन फिल्म को 325.35 प्रतिशत की ग्रोथ मिली है….नया रिकॉर्ड…मेट्रो, मास बेल्ट, मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन्स इन सभी में फिल्म का ओपनिंग वीकेंड गजब का रहा….शुक्रवार 3.55 करोड़, शनिवार 8.50 करोड़, रविवार 15.10 करोड़…कुल मिलाकर 27.15 करोड़…’. देख रहे हैं ना ये आंकड़ा…वाकई गजब कर दिया फिल्म ने।
आपको बता दें की द कश्मीर फाइल्स को भारत में 561 सिनेमाघरों, 113 ओवरसीज स्क्रीन्स में रिलीज किया गया था। कम स्क्रीन्स मिलने के बाद भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म की बात करें तो विवेक अग्निहोत्री द्वारा डायरेक्ट इस फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी जैसे कई बड़े कलाकार नजर आए हैं। इस फिल्म में कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार की कहानी को दर्शाया गया है। इसके अलावा विवेक अग्निहोत्री और सौरभ पांडे द्वारा सह- लिखित इस फिल्म में आर्टिकल 370 से लेकर कश्मीर के इतिहास पर भी बात की गई है।