देश में एक बार फिर कोरोना वायरस की रफ्तार तेज होती दिख रही है। भारत के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक्टिव केसों की संख्या 7154 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक हफ्ते से औसतन हर दिन 400 नए केस दर्ज हो रहे हैं। हालांकि, बुधवार को राहत भरी खबर रही जब केवल 33 नए केस रिपोर्ट हुए।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से आज जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना के संक्रमण से महाराष्ट्र में दो और मध्य प्रदेश में एक मरीज की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 77 हो गयी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार मामलों में वृद्धि इस संक्रमण के नये उभरते वेरिएंट, विशेष रूप से एलएफ.7, एक्सएफजी, जेएन.1 और हाल ही में पहचाने गये एनबी.1.8.1 सबवेरिएंट के कारण हो रही है। इन वेरिएंट्स की जांच चल रही है। प्रारंभिक रुझान संक्रमण की बढ़ती संभावना की ओर इशारा करते हैं, हालांकि इस स्तर पर अस्पताल में भर्ती होने की दर अपेक्षाकृत कम है।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा मामले केरल में दर्ज किए गए हैं। देश के 27 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में कोरोना सक्रिय मामलों में वृद्धि हुई है। जिनमें से केरल, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में भी मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। केरल में सबसे अधिक 2165 एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 21 मौतें दर्ज की गई हैं। बुधवार को देशभर में 3 मौतें हुईं महाराष्ट्र में 2, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में 1-1 मौत हुई है, पिछले 7 दिनों में कुल 30 मौतें हुई हैं, जिससे अब तक नई लहर में 77 लोगों की जान जा चुकी है। कोविड केसों में बढ़ोतरी को देखते हुए केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने वाले सभी मंत्रियों के लिए RT-PCR टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है।

