हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

by Priya Pandey
0 comment

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को जान से मारने की धमकी मिली है। जींद के जुलाना में एक व्हाट्सएप ग्रुप पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली है। ग्रुप में एक शख्स ने लिखा “जो भी मुख्यमंत्री बनेगा, उसे मैं गोली मार दूंगा, जिस तरह से महात्मा गांधी को गोडसे ने मारी थी।” सूचना मिलते ही पुलिस ने सीएम को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।

अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक शख्स ने शराब के नशे में धुत होकर ऐसा ग्रुप में लिख दिया। होश में आने के बाद उसने मैसेज को डिलीट भी कर दिया और अपनी गलती भी स्वीकार कर ली। गिरफ्तार किए गए आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। आरोपी ने ये भी माना कि इसका सोमबीर और विनेश फोगाट से कोई संबंध नहीं है और ना ही वो इन्हें जानता हैं।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी है। आरोपी की पहचान जींद जिले के देवरार गांव के मूल निवासी अजमेर के रूप में हुई है। जींद के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कहा कि अजमेर के एक व्हाट्सएप ग्रुप में 8 अक्टूबर को हरियाणा में मतगणना के दिन जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि जैसे ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया, एफआईआर दर्ज की गई और अजमेर को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बार कांग्रेस उम्मीदवार और पहलवान विनेश फोगाट ने जुलाना विधानसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और भाजपा उम्मीदवार योगेश कुमार को 6015 मतों के अंतर से हरा दिया।

About Post Author