टोक्यो ओलंपिक के हॉकी मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका को 4-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की आस बरकरार रखी है।
वंदना कटारिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ गोल की हैट्रिक बनाकर इतिहास रच दिया है। वह ओलंपिक में हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी बन गई है।
भारत की महिला हॉकी टीम क्वार्टर फाइनल में जगह बना पाती है या नहीं, ये शाम को ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड के बीच होने वाले मुकाबले के बाद ही तय होगा। अगर आयरलैंड ये मुकाबला जीत जाती है तो टीम इंडिया क्वार्टर फाइनल से बाहर हो जाएगी।
साउथ अफ्रीका ने भारत को दी कड़ी टक्कर
भारत ने शुरुआत अच्छी की औ चौथे मिनट में ही वंदना ने गोल कर भारत को बढ़त दिलाई लेकिन पहला क्वार्टर खत्म होने से कुछ सेकंड पहले साउथ अफ्रीका की ग्लास्बी क्रिस्टी ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया।
यही माहौल दूसरे क्वार्टर में भी रहा भारत की महिला हॉकी टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ गोल कर बढ़त बनाई। यह 17वें मिनट में वंदना कटारिया ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला लेकिन फिर साउथ अफ्रीका ने आक्रमण किया और स्कोर को 2-2 पर ला दिया।
वंदना कटारिया की हैट्रिक
भारत की नेहा ने 32वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोलकर भारत को बढ़त दिलाई लेकिन तीसरे क्वार्टर में भारतीय हॉकी टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और साउथ अफ्रीका की ओर से 37वें मिनट में मेरीज़ेन मराइस ने गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया। तीसरे क्वार्टर में भारत का प्रदर्शन खराब रहा है।
चौथे क्वार्टर में आखिरकार भारत की महिला हॉकी टीम ने बढ़त बनाई और साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में चौथा गोल दाग 4-3 से जीत हासिल की। भारत के लिए चौथा गोल 49वें मिनट में आया।
वंदना भारत की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हो गई हैं, जिन्होंने ओलंपिक मैच में तीन गोल किया है।