मंगलवार को चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय मंत्री और मैनपुरी जिले की करहल सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल पर करहल में हुए हमले के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीआईएसएफ के जवान बघेल की सुरक्षा करेंगे। आरोप है कि हमलावरों ने फायरिंग भी की। हमले का आरोप सपा कार्यकर्ताओं पर लगा है।
मंगलवार शाम को जब भाजपा प्रत्याशी प्रचार करके लौट रहे थे, तभी पत्थरों और लाठियों से उनके काफिले पर हमला कर दिया गया था। इस मामले में थाना करहल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, केंद्रीय राज्यमंत्री पर हमले की शिकायत भाजपा ने लखनऊ में चुनाव आयोग से की है।
करहल थाने में दर्ज कराई है रिपोर्ट
बघेल ने थाना करहल में दो नामजद सहित 20-25 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध जानलेवा हमले, पथराव, फायरिंग का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार शाम गांव कबरई से करहल जा रहे थे। कबरई और अतीकुल्लापुर के बीच शाम 7:45 बजे खेतों में छिपे हुए सपा कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। हमलावर अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।
गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक बघेल को 11 फरवरी से केंद्र सरकार की तरफ से सशस्त्र बल की सुरक्षा दी गई थी। अब उन्हें जेड कैटेगरी की सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई है। पुलिस बघेल के काफिले पर हुए हमले की जांच कर रही है।
भाजपा ने सपा पर लगाया आरोप
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि अखिलेश ने चुनाव में हार के डर से ये हमला करवाया। वहीं, यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि अखिलेश यादव हार की कगार पर खड़े हैं, इसीलिए हमला करवाया गया है।