कांग्रेस ने 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर लखनऊ में महिला मार्च का आयोजन किया। करीब तीन किलोमीटर के इस महिला मार्च में शामिल होने वाली कुछ महिलाओं को कांग्रेस की तरफ से स्कूटी तथा स्मार्ट फोन का भी ऑफर है। इस मौके पर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि यह आंदोलन है महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए है।
पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में होने वाले इस मार्च में उत्तर प्रदेश में विधान सभा का चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस की 159 महिला प्रत्याशी शामिल हुईं। प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ इस मार्च में शिरकत करने के लिए पूरे देश से कांग्रेस की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
इस मौके पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा ने कहा कि ‘लड़की हूं-लड़ सकती हूं’ अभियान कांग्रेस के लिए आंदोलन है। यह सिर्फ चुनावी नारा नहीं है, बल्कि देश-प्रदेश में महिलाओं को सामाजिक-आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए शुरू किया गया आंदोलन है। इसका उद्देश्य भारतीय राजनीति में महिलाओं व उनकी आकांक्षाओं को मुख्यधारा में लाना है। इस विधानसभा चुनाव में भी पार्टी की ओर से 159 महिला उम्मीदवारों को पार्टी ने चुनाव लड़ने का मौका दिया।
‘महिला शक्ति अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ने को तैयार है’
वहीं कांग्रेस ने आयोजन का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ मार्च में उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि महिला शक्ति अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ने को तैयार है। क्रांति का आगाज हो चुका है। वहीं प्रियंका ने कहा कि लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा सिर्फ चुनाव के लिए नहीं दिया गया है बल्कि यह एक आंदोलन है महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए।
कांग्रेस महासचिव श्रीमती @priyankagandhi जी के 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' मार्च में उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि महिला शक्ति अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ने को तैयार है।
क्रांति का आगाज हो चुका है..#लड़की_हूँ_लड़_सकती_हूँ_मार्च pic.twitter.com/r9VpUYf5Hc
— Congress (@INCIndia) March 8, 2022