सपा प्रत्याशी अभय सिंह गिरफ्तार, सपा-भाजपा समर्थकों में हुई थी भिड़ंत

by Priya Pandey
0 comment

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान जारी है। इसी बीच अयोध्या के गोसाईगंज में दबंगों के आमने-समाने आने के बाद से झड़प तथा फायरिंग की खबरें सामने आयी है। गोसाईगंज में शुक्रवार देर रात समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अभय सिंह तथा भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी के समर्थकों के बीच फायरिंग के मामले में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अभय सिंह को पुलिस ने सुबह उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है।

महाराजगंज पुलिस ने गोसाईगंज से सपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक अभय सिंह को उनके आवास राजेपुर से गिरफ्तार किया। अभय सिंह के चार समर्थक को भी गिरफ्तार किया है। पूर्व विधायक अभय सिंह की दंबगई इस क्षेत्र में काफी लम्बे समय से कायम है। गोसाईगंज विधानसभा में शुक्रवार रात दो बाहुबलियों के बीच राजनीतिक वर्चस्व को लेकर पथराव और फायरिंग हुई। इस दौरान कई वाहनों को भी क्षति पहुंचाई गई तो थाने में भी पथराव हुआ।

 अभय सिंह और उनके सहयोगियों पर भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी के समर्थकों के वाहन के काफिले पर फायरिंग का आरोप है। कल देर रात कबीरपुर चौराहे पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों ने सपा समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया था। इसके बाद सपा प्रत्याशी अभय सिंह के समर्थकों ने महराजगंज थाने में पथराव किया था। इस पथराव का वीडियो सामने आने के बाद आज सुबह पुलिस ने अभय सिंह को समर्थकों के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में एसएसपी शैलेश पांडे ने बताया कि दोनों ही पार्टी के प्रत्याशियों ने एक दूसरे पर पथराव और फायरिंग का आरोप लगाया है। किसी भी व्यक्ति के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

 आपको बता दें कि गोसाईगंज समेत अयोध्या जिले में यूपी विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में मतदान होगा। यहां 3 मार्च को वोट पड़ेंगे। 10 मार्च को सभी चरणों की एक साथ काउंटिंग होगी और चुनाव के नतीजे आएंगे।

About Post Author