उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव: सुबह 9 बजे तक 8.69 फीसदी हुआ मतदान, जानें कहां कितना पड़ा वोट

by Priya Pandey
0 comment

उत्तर प्रदेश में छठे चरण के लिए मतदान जारी है। दस जिलों के 57 विधानसभा क्षेत्र के लिए मतदान प्रारंभ हो गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ उनके सात मंत्रियों, नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी तथा बसपा विधायक दल के नेता उमाशंकर सिंह व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की प्रतिष्ठा दांव पर है। इस चरण में 2.15 करोड़ मतदाता सीएम योगी आदित्यनाथ सहित 676 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 66 महिला प्रत्याशी हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में छठे चरण के मतदान में सुबह सात बजे से ही मतदाता उत्साहित थे। दस जिलों के 57 विधानसभा क्षेत्र में नौ बजे तक यानी दो घंटे में 8.69 प्रतिशत मतदान हो गया था। इसमें बस्ती में सर्वाधिक 9.88, कुशीनगर में 9.64 तथा अम्बेडकरनगर में 9.46 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां पर मतदाता काफी उत्साहित हैं जबकि संतकबीर नगर में मतदाता बेहद सुस्त हैं। यहां पर दो घंटे में 6.80 प्रतिशत वोट ही पड़े थे। सुबह सात से नौ बजे के बीच में अम्बेडकरनगर में 9.46, बलिया में 7.57, बलरामपुर में 8.13, बस्ती में 9.88, देवरिया में 8.39, गोरखपुर में 8.96, कुशीनगर में 9.64, महराजगंज में 8.90, संतकबीर नगर में 6.80 तथा सिद्धार्थनगर में 8.20 प्रतिशत मतदान हो गया था।

 छठे चरण में अम्बेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया व बलिया में मतदान होगा। इस चरण में 11 सीटें सुरक्षित हैं। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियों को बुधवार को पूरा कर लिया था। चुनाव आयोग ने इन जिलों के डीएम व पुलिस कप्तान से तैयारियों की विस्तृत रिपोर्ट ली है। छठे चरण में 13,936 मतदान केन्द्रों के 25,326 मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथ) पर वोट डाले जाएंगे। आयोग ने 1113 आदर्श मतदान केंद्र बनाए हैं। 76 पिंक पोलिंग बूथ भी बने हैं इनमें सभी कर्मी महिलाएं हैं।

About Post Author