ममता बनर्जी आज पहुंचेंगी वाराणसी, सपा के समर्थन में करेंगी प्रचार

by Priya Pandey
0 comment

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को वाराणसी पहुंचेंगी। वह दोपहर को कोलकाता से वाराणसी के लिए रवाना होंगी। शाम 6 बजे दशाश्वमेध घाट जाकर गंगा पूजन और गंगा आरती में शामिल होंगी। अगले दिन 3 मार्च को दिन में लगभग 10:30 बजे होटल से एढ़े गांव के लिए जाएंगी, जहां पर अखिलेश यादव के साथ संयुक्त रूप से चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी। जनसभा के बाद ममता बनर्जी वापस होटल आकर पार्टी पदाधिकारियों और गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करके चुनाव पर चर्चा करने के बाद वापस जाएंगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गुरुवार को ममता बनर्जी सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ रैली को संबोधित करेंगी। बुधवार दोपहर बाद काशी पहुंचकर सबसे पहले पर मां गंगा का आशीष पाने के लिए गंगा आरती में शामिल होंगी। कल ऐढ़े में सुबह 11 बजे से संयुक्त रैली को संबोधित करेंगी। साथ ही विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो में शामिल होंगी। वाराणसी में सातवें चरण का मतदान सात मार्च को है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपनी ताकत झोंकने में लग गए हैं।

बता दें कि यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान ममता बनर्जी का यह दूसरा यूपी दौरा है। इसके पहले वह लखनऊ जाकर अखिलेश यादव के साथ संयुक्त रूप से चुनाव प्रचार किया था और संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया था। इस अवसर पर ममता बनर्जी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया था कि चुनाव में सपा की जीत तय है।

आपको बता दें कि यूपी में 2 चरणों के चुनाव और बचे हैं, जिसमें से छठे चरण के लिए प्रचार कल समाप्त हो गया। इस बीच अब आखिरी चरण के लिए सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में लगे हैं।

 

About Post Author