उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है। राज्य में 16 जिलों की 59 सीटों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने लोगों को वोट देने से रोके जाने का आरोप लगाया है।
दरसल, सपा ने एक ट्वीट कर कहा कि मैनपुरी जिले की विधानसभा करहल के भागपुर गांव में बूथ नंबर 244, 245 पर ग्रामीणों को वोट डालने से रोका जा रहा है। सपा ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि संज्ञान लेते हुए पारदर्शी और भयमुक्त मतदान कराना सुनिश्चित करें। वहीं पुलिस ने दावा किया है कि कहीं कोई समस्या नहीं है। मतदान ठीक चल रहा है।
मैनपुरी जिले की विधानसभा करहल के भागपुर गांव में बूथ नंबर 244, 245 पर ग्रामीणों को वोट डालने से रोका जा रहा है चुनाव आयोग और जिला प्रशासन कृपया संज्ञान लेते हुए पारदर्शी और भयमुक्त मतदान कराना सुनिश्चित करें। @ECISVEEP @ceoup @DmMainpuri pic.twitter.com/9XNL13t9JN
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) February 20, 2022
आपको बता दें कि मैनपुरी जिले की करहल सीट वीवीआईपी सीट है। करहल विधानसभा क्षेत्र से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और भाजपा से केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल मैदान में हैं। इनके अलावा बसपा से कुलदीप नारायण भी चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले कई दिनों से करहल में सपा, भाजपा और बसपा के कई बड़े नेता चुनाव प्रचार में लगे थे। वहीं सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने भी 2022 चुनाव के लिए पहले बार करहल में ही प्रचार किया है।
सुबह 7 बजे से जनपद के 1,756 मतदेय स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू कराया गया। इस दौरान अधिकारियों ने पहले 2 घंटे के मतदान का अपडेट लिया और सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को अलर्ट मोड पर बने रहने के दिशा निर्देश दिए।