उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के देवबंद में शनिवार सुबह करीब सात बजे एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में कई श्रमिकों की मौत हो गई। कितनी मौत हुई हैं अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के समय फैक्ट्री में 9 लोग थे। इनमें से कई मलबे के नीचे दब गए। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के गांव में भी इसकी आवाज सुनाई दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो फैक्ट्री से आधा किलोमीटर दूर तक मांस के चीथड़े बिखरे हुए थे।घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर डीएम मनीष बंसल और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण भी मौके पर पहुंच गए। फैक्ट्री निहालखेड़ी गांव में है। यह जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर और देवबंद तहसील से करीब 8 किलोमीटर दूर है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। इलाके को सील कर दिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार सुबह 7 बजे फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, फिर एक के बाद एक कई धमाके हुए। विस्फोट इतना भीषण था कि अंदर काम कर रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। कुछ ही सेकेंड में पूरी बिल्डिंग ढह गई। काम कर रहे लोग मलबे के नीचे दब गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- 2 किमी दूर तक धमाके की आवाज सुनाई दी। विस्फोट हुआ तो ऐसा लगा जैसे भूकंप आया हो। आसपास के गांव के हजारों लोग मौके पर पहुंच गए। कई थानों की फोर्स मौके पर बुला ली गई है।