उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए 45 से ज्यादा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करेगी कांग्रेस

by Priya Pandey
0 comment

उत्तराखंड में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस शुक्रवार को प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करेगी। दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद 45 से ज्यादा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की जा सकती है।

कांग्रेस की नजरें भाजपा की ओर से जारी होने वाली सूची पर टिकी हुई थीं। सत्तारूढ़ दल गुरुवार को 59 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुका है। भाजपा की ओर से प्रत्याशियों पर स्थिति साफ होने के बाद कांग्रेस ने भी सीईसी की बैठक शुक्रवार शाम चार बजे बुलाई है। बैठक के बाद देर शाम तक प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। बैठक में भाग लेने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह को दिल्ली रोका गया है। प्रदेश के तीनों दिग्गज नेता नौ दिनों से दिल्ली में ही डेरा डाले हुए हैं। दसवें दिन प्रत्याशियों की सूची घोषित होने के बाद ही उनकी वापसी हो सकेगी।

 25 से 30 टिकटों पर टिकी निगाहें

उत्तराखंड के नेताओं के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों और दावेदारों की निगाहें प्रत्याशियों की सूची जारी होने पर टिकी हैं। करीब 40 से 45 टिकट सहमति से तय हुए हैं। इन्हें लेकर किसी तरह की शंका नहीं जताई जा रही है। 25 से 30 टिकट ऐसे हैं, जिन पर सीईसी को प्रत्याशियों का पैनल सौंपा गया है। पैनल में किसी खेमे से जुड़े दावेदार को टिकट मिलता है, इसका बेसब्री से इंतजार भी किया जा रहा है। यही नहीं भाजपा के असंतुष्टों पर भी कांग्रेस की टकटकी लगी हुई है। जनाधार वाले ऐसे असंतुष्टों को टिकट देने पर कांग्रेस विचार कर सकती है।

About Post Author