स्वास्थ्य मंत्री को बर्ख़ास्त करने के बाद पूरे मामले पर क्या बोले मुख्यमंत्री भगवंत मान?

by MLP DESK
0 comment

भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त करने के बाद, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा, आम आदमी पार्टी (आप) की भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति है।

 

 

पंजाब की एन्टी करप्शन ब्रांच ने मंत्री विजय सिंगला को उनके ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद गिरफ़्तार किया। इस मामले पर बात करते हुए, सीएम मान ने कहा, “किसी को इसके बारे में नहीं पता था। मैं चाहता तो इस बात को छुपा ले जाता। लेकिन मैं उन लोगों का विश्वास तोड़ देता जिन्होंने मुझपर भरोसा किया है।”

आगे मान ने कहा, “एक मामला मेरी जानकारी में आया कि मेरी सरकार का एक मंत्री हर टेंडर के लिए 1% कमीशन की मांग कर रहा था। मैंने इसे बहुत गंभीरता से लिया।”

मान ने आगे कहा, “मैं विजय सांगला के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं, उन्होंने अपने विभाग में भ्रष्टाचार किया था और ये बात कबूल की है। आप की भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति है।”

पंजाब के सीएमओ ने कहा कि इससे पहले, वर्ष 2015 में, दिल्ली के मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के एक मामले में अपने एक मंत्री को बर्खास्त कर दिया था।

मान ने कहा, “लोगों ने बड़ी उम्मीदों के साथ आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई है, और उस उम्मीद पर खरा उतरना हमारा कर्तव्य है। भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ महायुद्ध जारी रहेगा।”

उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल ने वादा किया था कि हम भ्रष्टाचार को जड़ से ख़त्म कर देंगे। एक फ़ीसद भ्रष्टाचार के लिए भी हमारे पास कोई जगह नहीं है।”

About Post Author